देवघर, 25 जुलाई। झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने शनिवार को देवघर में श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में 30 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस वर्ष मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए AI आधारित सिस्टम, QR फीडबैक व्यवस्था, टेंट सिटी, इंद्र वर्षा (Artificial Rain) और मिस्ट कूलिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और तैयारियों की प्रगति की जानकारी दी।
इस खबर पर अभी कोई टिप्पणी नहीं है।