श्रावणी मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में उपायुक्त (डीसी) देवघर ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर एवं रूटलाइन का व्यापक निरीक्षण कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान डीसी ने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा नगरी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रूटलाइन पर भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया


अधिकारियों ने मंदिर परिसर, रूटलाइन, पेयजल केंद्र, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं सफाई कार्यों का भी निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।


प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालु सुगम, सुरक्षित और सुखद दर्शन का अनुभव लेकर लौटें।