किराना दुकान से 134 पीस शराब और बीयर जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
देवघर। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ देवघर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र में एक किराना दुकान से शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान कुल 134 पीस शराब और बीयर जब्त की गई। इनमें Godfather Beer की 500 एमएल की 15 बोतलें भी शामिल हैं।
मामले को लेकर नगर थाना कांड संख्या 320/26, दिनांक 18 अगस्त 2026 के तहत धारा 274/275 बीएनएस एवं 47(ए) झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने मामले में नंदू महथा (43 वर्ष), पिता स्वर्गीय अविनाश महथा, निवासी बरमसिया, थाना नगर, जिला देवघर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक घनश्याम गंध, पुलिस अवर निरीक्षक सुमंत प्रसाद और पुलिस अवर निरीक्षक शंकर कुमार रजक समेत नगर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
श्रावणी मेला के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस खबर पर अभी कोई टिप्पणी नहीं है।