श्री-श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति की ओर से भव्य आयोजन, साफ-सफाई में कमेटी का रहा विशेष योगदान
देवघर। देवघर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 स्थित बाँधा पोखर, बैजनाथपुर में श्री-श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति की ओर से छठ महापर्व के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट परिसर में विशेष व्यवस्था की गई। पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने मिलकर छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया।
समिति की ओर से लगाए गए आकर्षक पंडाल और रोशनी की व्यवस्था ने घाट की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में छठी मइया के भक्ति गीतों और जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।
इस आयोजन में श्री-श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं उपाध्यक्ष अमित गुप्ता सहित समिति के सदस्य सत्यम सिंह, निरंजन कुमार, राजाराम, स्वाधीन कुमार, रंजीत मंडल, बजरंगी कुमार एवं विजय तूरी ने आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
छठ घाट की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में राहुल प्रताप सिंह का विशेष योगदान रहा। उन्होंने साफ-सफाई को लेकर विशेष पहल की, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य में सहयोग किया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर रोज मौसी द्वारा उपस्थित श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों को छठ महापर्व के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। इस पर्व में भगवान सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना की जाती है। श्रद्धालु कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हैं।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला महापर्व भी है। इस पर्व में समाज के सभी वर्गों के लोग मिल-जुलकर घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्था में सहयोग करते हैं।
वार्ड संख्या 27 के वार्ड पार्षद की सहभागिता एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से आयोजन को सफल बनाने का प्रयास किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह एवं उपाध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व हमारी संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक वर्ष इसी तरह सामूहिक सहयोग से आयोजन को सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा।
बांधा पोखर में आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और स्वच्छता के साथ धार्मिक आयोजनों को और भी बेहतर बनाया जा सकता है।
इस खबर पर अभी कोई टिप्पणी नहीं है।