पुरानी पेंशन योजना के चार वर्ष पूरे होने पर सदर अस्पताल में आभार कार्यक्रम, कर्मचारियों ने जताया सीएम के प्रति आभार

देवघर। झारखंड में पुरानी पेंशन योजना लागू होने के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर सदर अस्पताल देवघर परिसर में कर्मचारियों की ओर से आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में एनएमओपीएस के जिला सचिव संजीव कुमार मिश्र, उपाध्यक्ष विश्वनाथ बक्शी सहित चिकित्सा संघ के कई पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने एकजुट होकर सरकार के प्रति धन्यवाद जताया। कार्यक्रम के दौरान सदर अस्पताल परिसर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समर्थन में नारे भी लगाए गए।

1 सितंबर 2022 को लागू हुई थी योजना

झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि वर्षों तक सरकारी सेवा देने वाले कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन को सुरक्षित बनाने की दिशा में पुरानी पेंशन योजना महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि झारखंड में 1 सितंबर 2022 से पुरानी पेंशन योजना लागू की गई थी।

उन्होंने कहा कि योजना लागू होने की वर्षगांठ पर प्रत्येक वर्ष 1 सितंबर को कर्मचारियों की ओर से आभार कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी सदर अस्पताल परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर सरकार के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना से सरकारी कर्मचारियों के भविष्य और सेवानिवृत्ति के बाद की आर्थिक सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने आपसी एकजुटता बनाए रखने और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।