देवघर। बाबा वैद्यनाथ मंदिर प्रांगण स्थित 18 दानपात्रों को गुरुवार को मंदिर प्रशासन की देखरेख में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोला गया। दानपात्रों से प्राप्त राशि की गिनती मंदिर के प्रशासनिक भवन में कराई गई। गिनती के बाद भारतीय मुद्रा के रूप में कुल 23 लाख 74 हजार 434 रुपये प्राप्त हुए। इसके अलावा विभिन्न देशों की विदेशी मुद्राएं भी दानपात्रों से मिलीं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार दानपात्रों से नेपाली मुद्रा 8,955, भूटानी मुद्रा 31, गुयाना डॉलर 1,500, यूएई दिरहम 50 तथा थाईलैंड की मुद्रा 100 प्राप्त हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा बाबा वैद्यनाथ के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए दान किया गया है


प्रशासन की निगरानी में दानपात्रों को खोलने से लेकर राशि की गिनती तक पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई गई। 23.74 लाख रुपये से अधिक की भारतीय मुद्रा समेत विदेशी मुद्रा की प्राप्ति बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और समर्पण को दर्शाती है।