सरस कुंज के 25 विशेष बच्चों ने हेलीकॉप्टर से किया बाबाधाम का हवाई दर्शन
देवघर। राजकीय श्रावणी मेला के दौरान देवघर में संचालित विशेष हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ सरस कुंज के विशेष बच्चों को भी मिला। जिला प्रशासन की पहल पर 25 बच्चों को बारी-बारी से हेलीकॉप्टर की सैर कराई गई। इस दौरान बच्चों ने आसमान से बाबा बैद्यनाथ धाम और आसपास के क्षेत्र की खूबसूरती को निहारा।
हेलीकॉप्टर के उड़ान भरते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। बच्चों के लिए यह अनुभव बेहद खास और यादगार रहा। हवाई सफर के दौरान उन्होंने देवघर की प्राकृतिक सुंदरता और बाबाधाम के मनोरम दृश्य को आसमान से देखा।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य श्रावणी मेले के दौरान उपलब्ध हवाई सेवा का लाभ समाज के विशेष वर्ग के बच्चों तक पहुंचाना था। सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए बच्चों को अलग-अलग चरणों में हवाई यात्रा कराई गई। इस दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे
देवघर में श्रावणी मेला के दौरान झारखंड सरकार और नागर विमानन से जुड़े सहयोग से विशेष हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जा रही है।
सरस कुंज के बच्चों के लिए आयोजित यह हवाई यात्रा केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके चेहरे पर खुशी लाने की एक सराहनीय पहल भी रही। बच्चों ने इस अनुभव को अपनी जिंदगी के यादगार पलों में शामिल किया।
इस खबर पर अभी कोई टिप्पणी नहीं है।