देवघरवासियों को कल मिलेगा बाबा बैद्यनाथ का निःशुल्क शीघ्र दर्शन
देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन ने देवघर के स्थानीय निवासियों के लिए विशेष सुविधा की घोषणा की है। बुधवार, 26 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए बाबा बैद्यनाथ मंदिर में निःशुल्क शीघ्र दर्शन की व्यवस्था रहेगी।
इस विशेष व्यवस्था के तहत देवघर जिले के स्थानीय निवासी बिना शीघ्र दर्शनम् कूपन शुल्क दिए निर्धारित प्रवेश व्यवस्था के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ का दर्शन और जलार्पण कर सकेंगे। सामान्य दिनों में शीघ्र दर्शनम् के लिए शुल्क लिया जाता है, लेकिन निर्धारित दिन स्थानीय लोगों को इसमें पूरी छूट दी जाएगी।
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए श्रद्धालुओं को देवघर निवासी होने का प्रमाण देने वाला फोटोयुक्त सरकारी पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। आधार कार्ड अथवा अन्य वैध सरकारी पहचान पत्र के माध्यम से स्थानीय निवासी होने की पुष्टि की जाएगी।
जिला प्रशासन ने देवघरवासियों से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करें। श्रावणी मेले के दौरान स्थानीय नागरिक कांवरियों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी सहयोग को देखते हुए प्रशासन की ओर से यह विशेष सुविधा दी जा रही है।
स्थानीय श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय में ही मंदिर पहुंचें और पहचान पत्र साथ रखना न भूलें, ताकि दर्शन की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
इस खबर पर अभी कोई टिप्पणी नहीं है।