देवघर, 30 जुलाई। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के पहले दिन गुरुवार शाम करीब 7 बजे देवघर में आयोजित भव्य ड्रोन शो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन गया। सैकड़ों ड्रोन ने रात के आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी के साथ मनमोहक आकृतियां बनाईं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुटे।
ड्रोन शो के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर, शिवलिंग, त्रिशूल, डमरू, "ॐ नमः शिवाय" और "श्रावणी मेला 2026" जैसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आकृतियां आसमान में उभरती नजर आईं। जैसे ही बाबा बैद्यनाथ की आकृति दिखाई दी, पूरा परिसर "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंज उठा।
श्रावणी मेले में पहली बार इस तरह के आधुनिक तकनीक आधारित आयोजन ने श्रद्धालुओं को एक अलग अनुभव दिया। प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा देना है। श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी अत्याधुनिक बनाया गया है, जिसमें एआई आधारित निगरानी, ड्रोन और स्मार्ट सीसीटीवी कैमरों का उपयोग किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं ने ड्रोन शो की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का नया केंद्र बना है और इससे मेले की भव्यता में चार चांद लग गए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साह के साथ इस अद्भुत नजारे का आनंद लिया।
प्रशासन को उम्मीद है कि श्रावणी मेले के दौरान इस प्रकार के आयोजन देवघर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव साबित होंगे और धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।
इस खबर पर अभी कोई टिप्पणी नहीं है।