देवघर, 1 अगस्त। श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए झारखंड सरकार ने एक नई पहल की है। नगर विमानन विभाग और झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) के सहयोग से 4 अगस्त 2026 से देवघर और बासुकीनाथ के लिए विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, त्वरित और सुविधाजनक यात्रा के साथ हवाई दर्शन का अनूठा अनुभव प्रदान करना है।
सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन व्यावसायिक किराये पर किया जाएगा। श्रद्धालु देवघर एयरपोर्ट से बाबा मंदिर, बासुकीनाथ तथा आसपास के धार्मिक और पर्यटन स्थलों की हवाई यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए लाभदायक होगी जो कम समय में दोनों धामों के दर्शन करना चाहते हैं।
हेलीकॉप्टर सेवा के अंतर्गत विभिन्न पैकेज उपलब्ध कराए गए हैं। देवघर मंदिर परिक्रमा का सात से दस मिनट का पैकेज 2,850 रुपये, बासुकीनाथ हवाई परिक्रमा भी 2,850 रुपये, देवघर से बासुकीनाथ दर्शन का 10 से 15 मिनट का पैकेज 3,750 रुपये तथा देवघर से दुमका तक उड़ान का लगभग 15 मिनट का पैकेज 4,500 रुपये निर्धारित किया गया है।
बुकिंग के लिए श्रद्धालु www.jharkhandaviation.in� वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 9122583111 पर संपर्क कर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
श्रावणी मेले में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से यात्रा का समय कम होगा और श्रद्धालुओं को आधुनिक एवं बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। प्रशासन का मानना है कि यह पहल राज्य में धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान देगी और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी।
इस खबर पर अभी कोई टिप्पणी नहीं है।