सारठ में स्कूल मैजिक और पिकअप की जोरदार टक्कर, बच्ची की मौत; चार बच्चे घायल
देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सारठ-चितरा मुख्य मार्ग पर स्कूली बच्चों से भरी मैजिक और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक स्कूली बच्ची की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, स्कूल मैजिक में करीब 15 बच्चे सवार होकर स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पिकअप वाहन से मैजिक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग बच्चों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे। वैन में सवार छात्रा मुनिया कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई,
घायलों में खुशी कुमारी, रौनक कुमार, आरुषि और अमित शामिल हैं। एक बच्चे के पैर में फ्रैक्चर, जबकि तीन के सिर में चोट लगी है। सभी का इलाज अस्पताल में जारी है और सीटी स्कैन कराया जा रहा है।
पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, बच्चों के इलाज के लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से 50 हजार रुपये और पिकअप मालिक की ओर से 30 हजार रुपये की सहायता राशि जमा कराई गई है।
घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान एक बच्ची को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं चार घायल बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किए जाने की जानकारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस खबर पर अभी कोई टिप्पणी नहीं है।