देवघर। श्रावणी मेला समाप्त होने के बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए पूजा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मेला अवधि में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगाई गई अर्घा व्यवस्था हटाए जाने के बाद अब श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा कर सकेंगे।
श्रावणी मेला के दौरान देशभर से लाखों की संख्या में कांवरिया और श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं। भारी भीड़ को देखते हुए बाबा मंदिर में अर्घा के माध्यम से जलार्पण की व्यवस्था की जाती है। इससे श्रद्धालुओं को कम समय में सुरक्षित तरीके से बाबा पर जल चढ़ाने का अवसर मिलता है और मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
अब मेला समाप्त होने के बाद अर्घा हटने से श्रद्धालुओं में खुशी है। भक्त बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग के समीप जाकर स्पर्श पूजा और जलार्पण कर सकेंगे। इसके लिए मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था की जा रही है।
स्पर्श पूजा शुरू होने की खबर से स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ बाहर से आने वाले भक्तों में भी उत्साह है। बाबा बैद्यनाथ की नगरी में भक्ति का माहौल बना हुआ है और मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है।
इस खबर पर अभी कोई टिप्पणी नहीं है।