झारखंड में 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द, अभ्यर्थियों में मचा हड़कंप

रांची। झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। राज्य सरकार ने अनियमितताओं और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों के बीच 44 भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने की सूची जारी की है। इनमें झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं शामिल हैं।

रद्द की गई परीक्षाओं में JSSC-CGL, झारखंड पात्रता परीक्षा (JET), सिविल जज, सहायक अभियंता, सहायक प्राध्यापक, औषधि निरीक्षक, वन क्षेत्राधिकारी, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं। सरकार की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और अनियमितताओं की शिकायतों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

सरकार ने पहले आयोजित 17 भर्ती परीक्षाओं की जांच CID से कराने का भी निर्णय लिया है। इसके अलावा कुछ परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित रखा गया है। सरकार का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने और अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल करने के लिए जरूरी सुधार किए जाएंगे।

परीक्षाएं रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों के बीच नई परीक्षा, आवेदन प्रक्रिया और पुराने उम्मीदवारों को दोबारा मौका मिलने को लेकर चिंता बढ़ गई है। अभी सभी परीक्षाओं के री-एग्जाम की तारीख और आवेदन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

इस फैसले के बाद झारखंड में परीक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक तथा छात्र संगठनों के बीच बहस तेज हो गई है। अब अभ्यर्थियों की नजर सरकार की अगली अधिसूचना पर टिकी है, जिसमें नई परीक्षा प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।


रद्द/प्रमुख परीक्षाओं में शामिल हैं:

JSSC-CGL परीक्षा

ड्रग इंस्पेक्टर

असिस्टेंट प्रोफेसर

डिप्टी कलेक्टर

डेंटल डॉक्टर/दंत चिकित्सक

असिस्टेंट इंजीनियर

सिविल जज (जूनियर डिवीजन)

अतिरिक्त/सहायक लोक अभियोजक

फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर

असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट

सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर

सरकारी पॉलिटेक्निक लेक्चरर

मेडिकल कॉलेज असिस्टेंट प्रोफेसर

इंजीनियरिंग कॉलेज असिस्टेंट प्रोफेसर

विश्वविद्यालयों के गैर-शैक्षणिक पदों की भर्ती

सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी

झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा से जुड़ी भर्ती

JET 2024

विभिन्न तकनीकी पदों की भर्ती

प्रशासनिक पदों से संबंधित भर्ती


इनमें JSSC और JPSC के साथ TDPL द्वारा कराई गई परीक्षाएं भी शामिल हैं।