JSSC-CGL चयनित अभ्यर्थी धरने पर बैठे, रांची में प्रदर्शन तेज
रांची। झारखंड में JSSC-CGL परीक्षा रद्द किए जाने के बाद चयनित अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को भी चयनित अभ्यर्थियों ने रांची स्थित झारखंड मंत्रालय और प्रोजेक्ट भवन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी सरकार के फैसले को वापस लेने और उनकी नियुक्तियों को सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा पास की और नियुक्ति प्राप्त की थी। अब परीक्षा रद्द होने के बाद उनकी नौकरी और भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि यदि परीक्षा में किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन सभी सफल अभ्यर्थियों को एक साथ दोषी मानना उचित नहीं है।
अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि उनके पक्ष को भी सुना जाए और नियुक्तियों पर पुनर्विचार किया जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मंत्रालय के बाहर जुटे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई।
झारखंड सरकार ने JSSC-CGL समेत कई भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद एक तरफ आंदोलन कर रहे छात्रों में खुशी है, तो दूसरी तरफ पहले से चयनित अभ्यर्थियों में नाराजगी और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अब सभी की नजर सरकार के अगले कदम और न्यायिक प्रक्रिया पर है
इस खबर पर अभी कोई टिप्पणी नहीं है।